February 12, 2026

हरक: कांग्रेस में जाने को बेकरार, सौ बार माफी मांगने को भी तैयार

0

तीसरे दिन भी नहीं हो पाई पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक की कांग्रेस में एंट्री

देहरादून। भाजपा से निष्कासित पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए बेकरार हैं, लेकिन अभी तक कांग्रेस पार्टी से उन्हें हरी झंडी नहीं मिल पाई है। निष्कासन के तीसरे दिन भी डॉ. हरक सिंह रावत दिल्ली में ही मौजूद रहे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड की भलाई के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत से एक बार नहीं सौ बार माफी मांगने को तैयार हैं। इधर प्रदेश नेतृत्व की तरफ से अभी भी यही कहा जा रहा है कि डॉ. हरक के मामले में फैसला हाईकमान को ही लेना है।

मंगलवार को दिल्ली में मीडिया से वातचीत करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि हरीश रावत उनके बड़े भाई हैं और उन्हें कांग्रेस और हरीश रावत की सभी शर्तें मंजूर हैं। वह उत्तराखंड के विकास के लिए उनसे सौ बार माफी मांगने को तैयार हैं। उत्तराखंड के विकास के लिए वह कुछ भी कर सकते हैं। अगर उनके माफी मांगने पर उनके बड़े भाई हरीश उन्हें माफ कर देते हैं तो यह बहुत ही अच्छी बात होगी। डॉ. हरक ने कहा कि उनकी कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं से बातचीत हो रही है। पार्टी हाईकमान और प्रदेश प्रभारी का भी उन्हें फोन आया था। उनसे सकारात्मक बातचीत हुई है। अब फैसला उन्हें लेना है। वह मुझे बताएंगे, आगे क्या करना है।

हरक ने कहा कि हरीश भाई के करीबी लोगों से भी उनकी बातचीत हुई, उन्होंने भी मेरे कांग्रेस पार्टी में आने की बात पर खुशी जाहिर की है। हरीश रावत की नाराजगी पर डॉ. हरक ने कहा कि राजनीति में कभी कोई किसी का दुश्मन नहीं होता और ना ही कभी दरवाजे बंद होते हैं।

बताते चलें कि इससे पहले पूर्व सीएम हरीश रावत का इस मामले में कई बार बयान आ चुका है, जिसमें वह कह रहे हैं कि डॉ. हरक को वर्ष 2016 में किए गए अपने अपराध के लिए माफी मांगनी होगी, यदि वह सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड की जनता से माफी मांग लेते हैं तो उन्हें कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन शर्त यही है कि हरक सिंह रावत अपने किए की सर्वाजनिक तौर पर माफी मांगें। हरीश ने एक दिन पहले यह भी कहा था कि राजनीति में कई बार रणनीतिक निर्णय भी लेने पड़ते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि डॉ. हरक की कांग्रेस पार्टी में ज्वाइनिंग को अब तक रोके हुए हरीश रावत देर सवेर हरक के लिए दरवाजे भी खोल सकते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह पहले बयान दे चुके हैं कि यदि हरक सिंह रावत कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेते हैं तो उन्हें खुशी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *