February 12, 2026

राजधानी समेत देश को दहलाने की साजिश

0

दिल्ली में मिला तीन किलो आईईडी से भरा बैग

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस से पहले पूरे देश को दहलाने के बड़े आतंकी मंसूबों को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली, पंजाब और श्रीनगर में शुक्रवार को एकसाथ घातक विस्फोटक मिले। दिल्ली की गाजीपुर फूल मंडी में पुलिस ने करीब तीन किलो का इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की। विस्फोटक से भरा बैग मंडी के गेट के पास रखा गया था।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:20 बजे एक राहगीर ने गेट नंबर एक की पार्किंग में लावारिस बैग की जानकारी दी। स्पेशल सेल की टीम, डॉग स्क्वॉड और एनएसजी मौके पर पहुंची। मंडी को खाली करवा कर एनएसजी ने इलाके को सील कर दिया। एनएसजी बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक को रोबोटिक कंटेनर में रखकर जांच की। जेसीबी मशीन से खुले मैदान में आठ फुट गड्ढे में विस्फोटक भरे बैग को दोपहर 1:30 बजे नियंत्रित विस्फोट कराकर निष्क्रिय कर दिया गया। दिल्ली के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया कि बम मिलने के बाद दिल्ली में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं। ब्यूरो

पंजाब में पांच किलो विस्फोटक बरामद

अमृतसर पंजाब एसटीएफ ने अटारी-वाघा सीमा के पास 5 किलो आईईडी बरामद की। अधिकारियों ने दावा किया कि यह विस्फोटक पाकिस्तान से आया था। एसटीएफ के एआईजी रशपाल सिंह ने बताया कि हमें ड्रग्स की सूचना मिली, लेकिन जांच में विस्फोटक मिला। एजेंसी

श्रीनगर: प्रेशर कुकर में लगी थी 5 किलो आईईडी

श्रीनगर सुरक्षा बलों ने नौहट्टा इलाके से एक आईईडी का पता लगाया और उसे निष्क्रिय कर दिया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने नौहट्टा के ख्वाजा बाजार चौक के पास एक लावारिस बैग पड़ा देखा। जांच करने पर दस्ते को बैग में आईईडी युक्त चार से पांच किलो का प्रेशर कुकर मिला। ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *