February 12, 2026

स्टील अथॉरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (सेल) के कर्मचारियों ने विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह की शोभा बढ़ाई

0
image001JZ6Q

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के कर्मचारियों ने कार्य-निष्पादन वर्ष 2018 के लिए प्रदान किये गए विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार (वीआरपी) के समारोह में अपनी प्रभावशाली छाप छोड़ी। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर श्रम एवं रोजगार तथा पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री श्री रामेश्वर तेली भी उपस्थित थे। भारत सरकार द्वारा शुरू किये गए विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक उपक्रमों के श्रमिकों के प्रयासों को पुरस्कृत करना है। कुल 96 पुरस्कार विजेताओं में से 52 पुरस्कार विजेता सेल से जुड़े हुए हैं, जो कुल विजेताओं का लगभग 54% हिस्सा है। सेल के कर्मचारियों ने कार्य-निष्पादन वर्ष 2018 के लिए दिए गए कुल 28 पुरस्कारों में से 11 पुरस्कार जीते हैं, जो कि विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों में कुल पुरस्कारों का 39% भाग है।

सेल की अध्यक्ष श्रीमती सोमा मंडल ने पुरस्कार विजेता कर्मचारियों को एक कार्यक्रम में अलग से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को बधाई देते हुए श्रीमती मंडल ने जोर देकर कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने से हमारे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, समर्पण और उत्कृष्टता की पुष्टि हुई है। मुझे विश्वास है कि हमारे प्रतिभाशाली कर्मचारी सेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संगठन की संस्कृति ने हमेशा भागीदारी, नवाचार तथा जुनून को प्रोत्साहित किया है। सेल ने हमेशा अपने कर्मचारियों को उनके अंदर छिपी प्रतिभा दिखाने की स्वतंत्रता उपलब्ध कराई है और उन्हें यह जानकर खुशी हो रही है कि इस तरह के एक उल्लेखनीय मंच पर इसे काफी पहचाना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *