February 12, 2026

बरातियों को ले जा रही बस खाई में गिरी, तीन की मौत, 18 घायल

0

रामनगर / मौलेखाल। शादी के बाद दुल्हन को लेकर लौट रही बरातियों से भरी मिनी बस (टेंपो ट्रैवलर) के अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 18 बराती घायल हो गए। हादसा पौड़ी गढ़वाल में मरचूला रामनगर रोड पर शंकरपुर के पास हुआ। बरात गाजियाबाद से पौड़ी गढ़वाल पहुंची थी।

दूल्हा-दुल्हन समेत सभी घायलों का रामनगर अस्पताल में इलाज चल रहा है। गाजियाबाद नंदग्राम निवासी आनंद वल्लभ शर्मा के पुत्र संजय शर्मा की बरात पौड़ी के अदालीखाल (धुमाकोट) के नलाई गांव निवासी देवेंद्र मैंदोलिया के घर बृहस्पतिवार को आई थी। देवेंद्र की बेटी सुमन उर्फ अनुष्का के साथ संजय का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। शुक्रवार को दुल्हन को लेकर बराती मिनी बस से लौट रहे थे।

शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मरचूला रामनगर रोड पर शंकरपुर के पास चालक अशोक पुत्र जगतनाथ को झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दूल्हे की बुआ सोहदरा देवी पत्नी वासनानंद भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को सल्ट थाना पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से रामनगर अस्पताल में लाया गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दुल्हन की ताई सरिता पत्नी रमेश निवासी लाजपतनगर साहिबाबाद और दूल्हे के चचेरे भाई 28 वर्षीय राकेश शर्मा पुत्र किशोर चंद्र निवासी नंदग्राम गाजियाबाद ने दम तोड़ दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *