February 16, 2026

केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को खोले जाएंगे

0
images

ऊखीमठ। भगवान केदारनाथ धाम के कपाट 6 मई को सुबह 6.25 बजे वृष लग्न में खोले जाएंगे। इसके बाद आराध्य की छह माह की पूजा अर्चना धाम में ही होगी। बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से दो मई को धाम के लिए प्रस्थान करेगी।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में रावल भीमाशंकर लिंग और पुजारियों की मौजूदगी में वेदपाठी व पंचपुरोहितों ने पंचांग गणना के आधार पर शुभलग्न व मुहूर्त को देखकर श्रीकेदारनाथ के कपाटोद्घाटन की तिथि व समय तय की। पंचांग गणना के अनुसार भगवान केदारनाथ के कपाट 6 मई को वृष लग्न में सुबह 6.25 बजे विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। साथ ही बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली के पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ प्रस्थान का दिन भी तय किया गया।

पंचांग गणना के हिसाब से बाबा केदार की डोली अपने धाम के लिए दो मई को ऊखीमठ से प्रस्थान करेगी। गुप्तकाशी फाटा, गौरीकुंड में रात्रि प्रवास करते हुए 5 मई को डोली केदारनाथ पहुंचेगी। मौके पर बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, केदारनाथ के विधायक मनोज रावत, समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, वरिष्ठ तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती, आशुतोष डिमरी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *