February 12, 2026

उत्तराखंड हुआ गौरवान्वित, प्रियंका गैरोला ने समूचे देश में गेट परीक्षा में हासिल की पहली रैंक

0
1647604954437

गौरवान्वित पल, उत्तराखण्ड की बेटी ने समूचे देश में बढ़ाया मान, कड़ी मेहनत से हासिल किया मुकाम, पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर उत्तीर्ण की गेट की परीक्षा..

उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता के ऊंचे-ऊंचे मुकाम हासिल कर रही हैं। आज किसी भी क्षेत्र में देवभूमि की बेटियां लड़कों से पीछे नहीं है। आज हम आपको राज्य की एक और ऐसी ही बेटी से रूबरू कराने जा रहे हैं, जिसने न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है बल्कि समूचे उत्तराखंड को भी गौरवान्वित किया है। जी हां.. हम बात कर रहे हैं मूल रूप से राज्य के देहरादून जिले की रहने वाली प्रियंका गैरोला की, जिसने गेट परीक्षा में ह्यूमेनिटी एंड सोशल साइंस (दर्शनशास्त्र) विषय में ऑल इंडिया में प्रथम रैंक हासिल की है। बता दें कि प्रियंका ने 972 अंकों के साथ 73% अंक हासिल किए है। इस संबंध में प्रियंका का कहना है कि उत्तराखंड में दर्शनशास्त्र के लिए अभी कॉलेजों में उस स्तर के स्कोप नहीं है, जिस स्तर के होने चाहिए थे, इसलिए दर्शनशास्त्र की शिक्षा के लिए छात्रों को बड़े शहरों की ओर पलायन करना पड़ता है। जिसको देखते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उत्तराखण्ड में दर्शनशास्त्र के स्कोप को बढ़ाने के लिए प्रयास किये जाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से राज्य के देहरादून जिले के आकाशदीप कॉलोनी निवासी प्रियंका गैरोला ने गेट परीक्षा में 972 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक में दर्शन शास्त्र विषय में पहला स्थान हासिल किया है। बता दें कि प्रियंका ने नेट जेआरएफ परीक्षा में भी 300 अंको में से 252 अंक प्राप्त करके दूसरी सफलता हासिल की है। प्रियंका का कहना है कि नेट जेआरएफ में भी उनकी टॉप रैंक हो सकती है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि को हासिल करने वाली प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। प्रियंका का कहना है कि अब वह आईआईटी के लिए आवेदन करेंगी। बताते चलें कि प्रियंका की प्राथमिक शिक्षा केवी तथा एफ‌आर‌आई से हुई है। तथा उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से वर्ष 2021 में दर्शनशास्त्र की डिग्री प्राप्त की है। इसके साथ ही प्रियंका कत्थक भी सिखाती है। प्रियंका का कहना है कि वे दर्शनशास्त्र के माध्यम से उत्तराखंड की जीवन संस्कृति को देश दुनिया के सामने रखना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *