February 12, 2026

चीनी मोबाइल कंपनियों पर दस राज्यों में छापे, डिजिटल डाटा जब्त

0

नई दिल्ली/नोएडा। पूर्वी लद्दाख में सीमा पर तनाव के बीच देश के दस राज्यों में चीनी मोबाइल फोन कंपनियों के परिसरों पर आयकर विभाग ने छापे मारे हैं। इन कंपनियों में ओप्पो, शाओमी और वन प्लस शामिल हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, गुवाहाटी, इंदौर, चेन्नई, हैदराबाद व अन्य शहरों में इन कंपनियों के दो दर्जन से अधिक परिसरों पर कार्रवाई बुधवार सुबह से देर रात तक जारी थी। कुछ फिनटेक कंपनियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

मोबाइल फोन कंपनियों के कार्यकारी स्तर के कई अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है। सरकारी सूत्रों ने बताया, इन कंपनियों में बड़ी मात्रा में कर चोरी की गोपनीय जानकारी मिली थी। लंबे समय से आयकर विभाग इनकी गतिविधियों पर नजर रखे था। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद छापे डालने का फैसला किया गया। सभी जगह से भारी संख्या में डिजिटल डाटा जब्त किया गया है। हालांकि, विभाग ने बरामदगियों के बारे में कोई जानकारी देने से मना कर दिया है। गुरुग्राम में ओप्पो मोबाइल कंपनी के कॉरपोरेट आफिस के साथ गोदाम व सीईओ नवनीत नाकरा के आवास व कैंप कार्यालय पर छापे में बेनामी संपत्ति से जुड़े साक्ष्य, आभूषण, नकदी के साथ एफडी के कागजात भी बरामद किए हैं।

ओप्पो के सीईओ नाकरा पहले एपल के सीईओ थे। उनके हेमिल्टन कोर्ट स्थित ग्लेरिया मार्केट स्थित आवास एवं कैंप कार्यालय पर छापा मारा गया।

हम सरकार से सहयोग कर रहे हैं

इस बीच ओप्पो कंपनी ने मीडिया को बताया कि एक निवेश पार्टनर के रूप में वह भारत के कानूनों का सम्मान करती है। कंपनी ने छापे के दौरान टैक्स अधिकारियों को पूरा सहयोग देने की बात भी कही। शाओमी ने भी विभाग को हर जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *